हर्षवर्धन, सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की ‘डिस्ट्रिक्ट फ्लैगशिप – लॉ एंड ऑर्डर’ रैंकिंग में सोनभद्र पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में चौथा स्थान प्राप्त किया है। अप्रैल 2026 की इस रैंकिंग में जनपद को 10 में से 8.14 अंक मिले हैं, जो कि 81.40 प्रतिशत के बेहतरीन प्रदर्शन को दर्शाता है। पुलिस की इस सक्रिय कार्यशैली और प्रभावी नियंत्रण का ही परिणाम है कि सोनभद्र ने शीर्ष जिलों में अपनी जगह बनाई है।
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियानों, वांछितों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के क्षेत्र में पुलिस ने बीते समय में कड़े कदम उठाए हैं। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर दिए गए दिशा-निर्देशों और अधिकारियों व कर्मचारियों के टीमवर्क के चलते ही कानून-व्यवस्था की स्थिति में बड़ा सुधार देखने को मिला है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर यह रैंकिंग पुलिस की कार्यक्षमता और डेटा मैनेजमेंट की पारदर्शिता को भी प्रमाणित करती है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने समस्त पुलिस बल की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क का नतीजा है और पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करना है। भविष्य में रैंकिंग में और सुधार लाने और जनपद को अपराध मुक्त बनाने के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह जनता की सुरक्षा, सेवा और विश्वास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नए तकनीकी संसाधनों का भी प्रयोग किया जा रहा है।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.





