Sonbhadra News :….जहां गूंजना था प्रभु श्रीराम का आदर्श, वहां लगे भोजपुरी गाने पर ठुमके, विहिप ने जताया रोष

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । जिस रामलीला के मंच से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया जाना चाहिए, उसी मंच पर कथित अश्लील भोजपुरी गाने पर डांस का वीडियो सामने आने से विवाद खड़ा हो गया है। बीजपुर थाना क्षेत्र के बखरिहवा बाजार में रामलीला आयोजन के दौरान का बताया जा रहा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भोजपुरी गाने पर कुछ लोगों के डांस करने का दृश्य सामने आने के बाद धार्मिक आयोजन की मर्यादा और आयोजकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में नाराजगी बताई जा रही है और मामले में कार्यवाही की मांग उठने लगी है। हालांकि नवहिंद समाचार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो बुधवार देर शाम रामलीला आयोजन के दौरान का बताया जा रहा है। आरोप है कि धार्मिक कार्यक्रम के बीच अश्लील बोल वाले भोजपुरी गाने पर डांस किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। लोगों के बीच इस बात को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में इस तरह के कार्यक्रमों की अनुमति किस आधार पर दी गई और आयोजन की मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी किसकी थी।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्यवाही की मांग –

वीडियो सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद और अन्य सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों में रोष की बात सामने आ रही है। उनका कहना है कि रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन में मर्यादा और सांस्कृतिक गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। मामले को लेकर संबंधित आयोजकों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग उठ रही है।

जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट –

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। वीडियो की प्रामाणिकता, उसके वास्तविक संदर्भ और कार्यक्रम के दौरान की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से किसी कार्यवाही की जानकारी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित अधिकारी प्रकरण का संज्ञान लेकर जांच कराते हैं या नहीं।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now