आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । परिषदीय विद्यालयों तक पहुंचने के लिए खराब रास्तों से जूझते बच्चों की तस्वीरें अक्सर मीडिया की सुर्खियां बनती रहती हैं, लेकिन चुर्क चौकी क्षेत्र के मुसही गांव में तो मामला ही उलट नजर आ रहा है। यहां बच्चों को स्कूल तक पहुंचने में सहूलियत देने वाले बने-बनाए रास्ते को ही कथित तौर पर जेसीबी से खुदवाकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोप है कि मनबढ़ों की इस हरकत ने न केवल स्कूली बच्चों की राह में रोड़ा अटकाया, बल्कि ग्रामीणों के रोजमर्रा के आवागमन को भी मुश्किल बना दिया है। सवाल यह है कि जब रास्ते बनाकर सुविधाएं बढ़ाने की कोशिश हो रही है, तो आखिर किसके इशारे पर उन्हें नुकसान पहुंचाकर लोगों की परेशानी बढ़ाई जा रही है?
वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र वाल्मीकि के अनुसार, गांव के ही सोनू निगम, विजय भारती और राम केवल हरिजन ने बिना किसी आदेश के जेसीबी लगाकर विद्यालय जाने वाले रास्ते को कई जगह से खुदवा दिया। इससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मार्ग से ग्रामीण भी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। रास्ते की खुदाई ने बच्चों के लिए स्कूल पहुंचने की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
प्रशासन के निर्देश पर हुआ था इंटरलॉकिंग का कार्य –
ताया गया कि कुछ वर्ष पहले जिला प्रशासन के निर्देश पर ग्राम प्रधान की ओर से इसी रास्ते पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया था। इतना ही नहीं, वर्तमान में विधायक निधि से भी रास्ते के निर्माण का कार्य चल रहा था। ऐसे में पहले से बने रास्ते को जेसीबी से खोदकर क्षतिग्रस्त किए जाने से सरकारी धन से कराए गए विकास कार्यों की उपयोगिता पर भी सवाल उठने लगे हैं। जिस रास्ते को बेहतर बनाकर बच्चों और ग्रामीणों की आवाजाही आसान करने की कोशिश की गई, उसी को नुकसान पहुंचाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
बच्चों की परेशानी पर जिम्मेदारों की नजर कब –
विद्यालय जाने वाले बच्चों के लिए सुरक्षित और सुगम रास्ता उपलब्ध कराना जरूरी है, लेकिन मुसही गांव में सामने आए इस मामले ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि रास्ते को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो साथ ही, रास्ते को जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





