हर्षवर्धन, सोनभद्र। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारू द्विवेदी के नेतृत्व में लोढ़ी स्थित टोल प्लाज़ा के पास ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों पर सख्त कार्यवाही की गई। शनिवार को चलाए गए इस अभियान में यातायात निरीक्षक, उपनिरीक्षक और रॉबर्ट्सगंज की सीसी टीम ने संयुक्त रूप से वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस ने तीन ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया, जबकि दो अन्य वाहनों का चालान किया गया।
यातायात पुलिस की इस कार्यवाही का दायरा केवल शराब पीकर वाहन चलाने वालों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न के विरुद्ध भी अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान मानक से अधिक आवाज वाले प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने पर 30 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई। पुलिस टीम ने चेकिंग के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। चालकों को हिदायत दी गई कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग कतई न करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण और दंडात्मक अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.





