मंत्री पद न मिलने पर भाजपा विधायक आशा मौर्य का छलका दर्द, सोशल मीडिया पर बगावती तेवर के बाद बदले सुर

SHARE:

उत्तर प्रदेश सरकार के रविवार को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। आठ नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बीच सीतापुर के महमूदाबाद से भाजपा विधायक आशा मौर्य की नाराजगी खुलकर सामने आई। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा साझा करते हुए पार्टी नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाए। हालांकि, पोस्ट वायरल होने और राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के बाद उन्होंने अपनी पहली पोस्ट डिलीट कर दी और संतुलित शब्दों वाली दूसरी पोस्ट साझा की, जिसमें दर्द के साथ-साथ संगठन के प्रति निष्ठा का भी जिक्र था।

आशा मौर्य ने अपनी पहली पोस्ट में बेहद तल्ख लहजे का इस्तेमाल किया था। उन्होंने लिखा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भारतीय जनता पार्टी को समर्पित कार्यकर्ताओं और मौर्य समाज के संघर्षशील लोगों की आवश्यकता नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में बाहर से आए बागी और दलबदलू नेताओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि वर्षों से समर्पण भाव से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने इसे पीड़ादायक बताते हुए ऐलान किया कि वह समाज के सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेंगी।

इस पोस्ट के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद विधायक ने इसे हटा लिया और एक नई पोस्ट साझा की। दूसरी पोस्ट में उनके तेवर कुछ नरम दिखाई दिए, लेकिन मंत्री न बनाए जाने की कसक साफ नजर आई। उन्होंने लिखा कि एक समर्पित कार्यकर्ता होने के नाते मन में थोड़ी पीड़ा अवश्य हुई है क्योंकि वर्षों की मेहनत और संघर्ष भावनात्मक रूप से जुड़ा होता है। उन्होंने पिछले 35 वर्षों से पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि यह पीड़ा उनके संकल्प को कमजोर नहीं करेगी। विधायक ने अंत में यह भी दोहराया कि वह पार्टी और संगठन के लिए पहले की तरह कार्य करती रहेंगी और समाज के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगी। इस पूरे घटनाक्रम ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कार्यकर्ताओं के भीतर पनप रहे असंतोष को सतह पर ला दिया है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now