वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पचकोशी स्थित पैगंबरपुर इलाके में गुरुवार शाम एक अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पटाखा कारोबारी का तीन मंजिला मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया, जबकि उसकी चपेट में आने से बगल का दूसरा मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद मलबे में पटाखा कारोबारी राजू खान और उसके परिवार के करीब छह सदस्यों के दबने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। धमाके की तीव्रता इतनी तेज थी कि आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे चटक गए और दूर-दूर तक दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल भेजना शुरू किया।
मौके पर मौजूद राहत दलों के अनुसार, मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और एहतियात के तौर पर एनडीआरएफ व पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है, क्योंकि ढहे हुए मकान के मलबे में अभी भी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और पटाखों के अवशेष होने की आशंका है। इस बीच, घटना की भीषणता और संवेदनशीलता को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और विस्फोट के कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि पैगंबरपुर इलाके में पिछले करीब 25 वर्षों से रह रहे राजू खान और उसके बड़े भाई सलीम के घरों में अवैध रूप से पटाखों के निर्माण व भंडारण का कारोबार किया जा रहा था। हादसे के बाद प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसकी शह पर अंजाम दिया जा रहा था। फिलहाल घायलों के इलाज और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन का पूरा फोकस बचाव अभियान पर है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





