Sonbhadra News : अब घर बैठे ऑनलाइन जमा होगा पेंशनरों का जीवन प्रमाण-पत्र, कोषागार जाने से मिलेगी मुक्ति

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• मोबाइल एप और पोर्टल के जरिए मिलेगी सुविधा

• पेंशनरों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश

सोनभद्र । जिले के पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पेंशनर घर बैठे अपने मोबाइल एप या पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकेंगे। इसके लिए परिवार के किसी सदस्य की भी मदद ली जा सकती है। इसके साथ ही पेंशनरों की सुविधा के लिए जिले के सभी 10 विकास खंडों में विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। डीएम चर्चित गौड़ ने इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ पेंशनरों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से पांच नवंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र को लेकर समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर जनपद में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने और आवश्यकतानुसार हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पेंशनर स्वयं अथवा परिवार के किसी सदस्य के मोबाइल एप या पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी जन सुविधा केंद्र, कंप्यूटर सेंटर या साइबर कैफे के माध्यम से भी यह सुविधा प्राप्त की जा सकती है।

10 विकास खंडों में निर्धारित तिथियों पर लगेंगे शिविर –

डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी देने और पेंशनरों की सहायता के लिए जिले के विभिन्न विकास खंडों में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रॉबर्ट्सगंज में 5 एवं 17 नवंबर, घोरावल में 6 एवं 18 नवंबर, कर्मा में 7 एवं 19 नवंबर, नगवां में 13 एवं 21 नवंबर, चोपन में 16 एवं 21 नवंबर, म्योरपुर में 17 एवं 23 नवंबर, कोन में 18 एवं 25 नवंबर, चतरा में 19 एवं 26 नवंबर, बभनी में 20 एवं 27 नवंबर तथा दुद्धी में 21 एवं 28 नवंबर को शिविर आयोजित होंगे। सभी शिविर संबंधित विकास खंडों के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय स्थित बीआरसी सेंटर पर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर शिविरों में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें और इस सुविधा का लाभ उठाएं।

एनआईसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है प्रक्रिया –

डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की निर्धारित प्रक्रिया एनआईसी की वेबसाइट sonbhadra.nic.in पर अपलोड की गई है। पेंशनर वेबसाइट से इसे डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा कोषागार से भी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशनरों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पेंशनर ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठा सकें और उन्हें अनावश्यक रूप से कोषागार के चक्कर न लगाने पड़ें।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now