Sonbhadra News : घोरावल में दिनदहाड़े लूट की कोशिश नाकाम, दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । बैंक से मेहनत की कमाई निकालकर घर लौट रही महिला को रास्ते में निशाना बनाकर लूटने की कोशिश करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। बाइक सवार तीनों आरोपियों ने महिला के हाथ से 30 हजार रुपये से भरा झोला छीनकर भागने की कोशिश की, लेकिन महिला और उसके साथ मौजूद परिजनों के शोर मचाते ही ग्रामीणों ने मोर्चा संभाल लिया। घेराबंदी कर तीनों को मोटरसाइकिल समेत दबोच लिया गया। सूचना पर पहुंची घोरावल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए 30 हजार रुपये, इंडियन बैंक की पासबुक और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में दो हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं।

यह थी घटना –

घटना मंगलवार यानी 3 नवंबर की है। पुलिस के मुताबिक, घोरावल थाना क्षेत्र की एक महिला अपनी सास, ससुर और गांव की अन्य महिलाओं के साथ ग्राम औराही स्थित इंडियन बैंक से आवास निर्माण के लिए 30 हजार रुपये निकालकर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान पटका गांव मोड़ से करीब 20-25 मीटर आगे पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपियों ने रुपये से भरा झोला छीन लिया और भागने लगे। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गई और उसके साथ मौजूद परिजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल सक्रिय हो गए। भागने की कोशिश कर रहे तीनों युवकों को घेर लिया गया और मोटरसाइकिल समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना मिलते ही घोरावल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। उनके पास से महिला के 30 हजार रुपये और इंडियन बैंक की पासबुक बरामद हुई। वारदात में प्रयुक्त हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।

गिरफ्तार आरोपियों में दो हिस्ट्रीशीटर, पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे –

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया लाल विश्वकर्मा (21वर्ष), निवासी अठौना, थाना शाहगंज, सुनील विश्वकर्मा उर्फ पिंटू (23वर्ष), निवासी सदारी, थाना शाहगंज और रामसुंदर पाण्डेय उर्फ रामू पाण्डेय (20वर्ष), निवासी अठौना, थाना शाहगंज के रूप में की है। पुलिस के अनुसार सुनील विश्वकर्मा और रामसुंदर पाण्डेय हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों के खिलाफ सोनभद्र और चंदौली जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

बीएनएस की धाराओं में मुकदमा, न्यायालय भेजे गए तीनों आरोपी –

इस मामले में थाना घोरावल पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) और 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर न्यायालय भेज दिया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शेष नारायण पाण्डेय, हेड कांस्टेबल इम्तियाज और कांस्टेबल गंगाचरन शामिल रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now