Sonbhadra News : डीएम-सीडीओ ने फीता काटकर किया दीपावली सरस मेले का उद्घाटन, 40 स्टॉलों पर दिखा ग्रामीण महिलाओं का हुनर

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार और उनके सपनों को उड़ान देने के उद्देश्य से राबर्ट्सगंज के डाइट मैदान, उरमौरा में बुधवार को तीन दिवसीय ‘सोन अर्थ दीपावली सरस मेला-2026’ का भव्य आगाज हुआ। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों के 40 स्टॉल सजाए गए हैं, जहां स्थानीय उत्पादों की बिक्री के साथ ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा और उद्यमशीलता का प्रदर्शन हो रहा है।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला मिशन प्रबंधन इकाई (एनआरएलएम) की ओर से आयोजित मेले में पहुंचे जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से उनके उत्पादों, निर्माण प्रक्रिया और बिक्री के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में हुनर की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उनके उत्पादों को बेहतर मंच और बाजार उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर देने के साथ उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। इससे महिलाओं की आमदनी बढ़ेगी और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अधिक से अधिक बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

सोन अर्घ्य ब्रांड बनेगा स्थानीय उत्पादों की पहचान –

मेले का एक प्रमुख आकर्षण ‘सोन अर्थ’ ब्रांड का शुभारंभ भी है। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को एक विशिष्ट पहचान दिलाने और उन्हें व्यापक बाजार तक पहुंचाने की पहल की जाएगी। आयोजकों के मुताबिक, 4 से 6 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जो दीपावली के उत्सवी माहौल में चार चांद लगाएंगे।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाना ग्रामीण महिलाओं की मेहनत को सम्मान देने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान होगा।

इस अवसर पर डीसी मनरेगा रविन्द्र सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now