आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• कॉमन धान का 2441 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य
• उतराई-छनाई के लिए 20 रुपये अतिरिक्त भुगतान
सोनभद्र । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत धान खरीद की प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू हो गई है। इस बार जिले में 86 क्रय केंद्रों के माध्यम से 1 लाख 25 हजार मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शासन की ओर से कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसके अलावा किसानों को उतराई और छनाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अतिरिक्त भुगतान भी किया जाएगा।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि “किसानों की सुविधा को देखते हुए इस वर्ष जनपद में 86 धान क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जबकि पिछले वर्ष इनकी संख्या 84 थी। वर्तमान में खाद्य विभाग के 46, पीसीएफ के 34, कृषि उत्पादन मंडी समिति के चार और भारतीय खाद्य निगम के दो केंद्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त किसानों की सुविधा के लिए सात नए क्रय केंद्र खोले जाने की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि पिछले खरीफ विपणन वर्ष में जनपद को 1 लाख 3 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 22,477 किसानों से कुल 1,25,837.34 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी। इस वर्ष खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 1 लाख 25 हजार मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।”
1364 किसानों ने कराया पंजीकरण, 681 का सत्यापन पूरा –
धान खरीद के लिए अब तक 1364 किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिसमें से 681 किसानों का सत्यापन भी पूरा हो चुका है। वहीं, धान की कस्टम हिलिंग के लिए पिछले वर्ष पंजीकृत 50 राइस मिलों के सापेक्ष इस बार अब तक 46 राइस मिलों का पंजीकरण किया गया है।
17 प्रतिशत से अधिक न हो धान में नमी –
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने किसानों से अपील किया है कि “क्रय केंद्रों पर धान ले जाने से पहले उसकी अच्छी तरह सफाई और सुखाई कर लें। धान में नमी निर्धारित मानक 17 प्रतिशत या उससे कम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान धान बेचने के लिए केंद्र पर पहुंचते समय पंजीकरण प्रपत्र, फार्मर आईडी, आधार कार्ड की प्रति और खतौनी अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






