sonbhadra News : जिले की 684 आदिवासी छात्राओं को मिलेगी यूनिफार्म और साइकिल

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• कक्षा छह, नौ और 11 की छात्राओं का होगा चयन

• यूनिफार्म के लिए 700 और साइकिल के लिए मिलेंगे 3300 रुपये

सोनभद्र । जनपद की अनुसूचित जनजाति की छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन की यूनिफार्म एवं साइकिल योजना के तहत 684 छात्राओं को लाभान्वित किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना के अंतर्गत कुल 1635 आवेदन प्राप्त हुए हैं। निर्धारित पात्रता और चयन अनुपात के आधार पर छात्राओं का चयन प्रस्तावित है। इस संबंध में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय चयन समिति एवं क्रय समिति की बैठक हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने योजना के प्रावधानों और पात्रता मानकों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक चयनित छात्रा को कुल 4000 रुपये की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें यूनिफार्म के लिए 700 रुपये प्रति छात्रा की धनराशि सीधे छात्रा अथवा उसके अभिभावक के बैंक खाते में भेजी जाएगी, जबकि साइकिल के लिए 3300 रुपये प्रति छात्रा की दर से जेम पोर्टल के माध्यम से निविदा आमंत्रित कर साइकिल खरीदी जाएगी।

योजना के तहत कक्षा छह की 60 प्रतिशत तथा कक्षा नौ और 11 की 20-20 प्रतिशत छात्राओं का चयन किया जाना निर्धारित है। पात्रता के लिए पिछली कक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाली छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही अनावासीय छात्राओं को प्रत्येक पांच वर्ष के अंतराल पर एक लेडीज साइकिल उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

1635 आवेदनों में से 684 छात्राओं का चयन प्रस्तावित –

अधिकारियों के स्तर से जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक अभिलेख और बैंक खाते के विवरण का सत्यापन किए जाने के बाद कुल 1635 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें कक्षा छह से 410, कक्षा नौ से 764 और कक्षा 11 से 461 छात्राओं ने आवेदन किया है। शासनादेश में निर्धारित चयन अनुपात के अनुसार कक्षा छह की सभी 410 आवेदक छात्राओं के सापेक्ष कक्षा नौ से 137 और कक्षा 11 से 137 छात्राओं को शामिल करते हुए कुल 684 छात्राओं का चयन प्रस्तावित किया गया है।

चयनित छात्राओं की सूची को जनपद स्तरीय चयन समिति से अनुमोदन मिलने के बाद आवश्यक धनराशि के आवंटन के लिए निदेशालय को मांग पत्र भेजा जाएगा। धनराशि प्राप्त होने के बाद जेम पोर्टल के माध्यम से साइकिल खरीदने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पारदर्शिता के साथ चयन करने के निर्देश –

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं के चयन में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए। पात्रता से जुड़े सभी अभिलेखों का समुचित सत्यापन कर शासनादेश के अनुरूप चयन प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि कोई पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर भी जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now