आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । दुद्धी क्षेत्र के निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला के भवन निर्माण में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया है। विद्यालय भवन के स्थलीय निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी मिलने पर डीएम ने संबंधित निर्माण एजेंसी को तत्काल श्रमिक और मिस्त्रियों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 दिसंबर तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करने की समयसीमा तय की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ मौके पर इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी देखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भवन के निर्माण में मानकों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री एवं अन्य उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की थर्ड पार्टी जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।
धीमी प्रगति पर डीएम का सख्त संदेश –
जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी के अधिकारी को निर्देशित किया कि पर्याप्त संख्या में लेबर और मिस्त्री लगाकर निर्माण कार्य की गति बढ़ाई जाए। साथ ही कार्य की नियमित निगरानी और लगातार प्रगति समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा करने में अनावश्यक देरी अथवा निर्माण गुणवत्ता में कमी सामने आने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
छात्राओं से जानी पढ़ाई की हकीकत –
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय झारोकला पहुंचकर अध्ययनरत छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से विद्यालय में पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। डीएम ने संबंधित शिक्षकों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा शैक्षिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला के निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए और तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण भवन निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने दोहराया कि लापरवाही, अनावश्यक देरी और गुणवत्ता में कमी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड एस0के0 सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





