सोनभद्र में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गैंग का पर्दाफाश: विदेश में कंपनियां खोलकर नौकरी के नाम पर खुलवाए बैंक खाते, 37 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा

SHARE:

सोनभद्र। जनपद की साइबर क्राइम पुलिस थाना और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए विदेश में फर्जी कंपनियां स्थापित कर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों के बैंक खाते खुलवाने और उनके जरिए देशव्यापी साइबर ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक महिन्द्रा थार कार, 27 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, लैपटॉप, मोबाइल फोन और विदेशी मुद्राएं बरामद की हैं। पुलिस जांच में अकेले सोनभद्र जनपद से जुड़े खातों में लगभग 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन प्रकाश में आए हैं, जबकि देश भर में इस नेटवर्क से जुड़ी करीब 200 साइबर शिकायतें दर्ज होने के बाद कुल ठगी की धनराशि 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सौरभ सिंह पुत्र प्रमोद सिंह मूल रूप से प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र के नेवढ़िया का रहने वाला है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में अपने साथी अनुपम सिंह की पत्नी प्रतीक्षा सिंह के नाम से ‘लैब मेड मेडिसिन लॉजिस्टिक्स’, ‘एएसएल लॉजिस्टिक्स’ और ‘कुमार सिंह एलएलसी’ जैसी फर्जी कंपनियां संचालित कर रहा था। इन कंपनियों की आड़ में वह भारत के बेरोजगार युवाओं को विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा देता था और इसी प्रलोभन के तहत उनके नाम से बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक व सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लेता था। इन बैंक खातों को आगे साइबर अपराधियों को दो लाख रुपये तक में बेचा जाता था, जिनका इस्तेमाल निवेश धोखाधड़ी, ऑनलाइन गेमिंग और शॉपिंग फ्रॉड के जरिए ठगी गई रकम को ठिकाने लगाने, नकद निकासी करने और क्रिप्टोकरेंसी में बदलने के लिए किया जाता था।

इस अंतरराष्ट्रीय रैकेट के तार इससे पहले पकड़े गए आरोपियों से भी जुड़े हुए हैं, जिनमें रॉबर्ट्सगंज और साइबर थाने में दर्ज मुकदमों के तहत पूर्व में रवि पाण्डेय और बृजेश कुमार पाण्डेय की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनसे पूछताछ में अनुपम सिंह और नायब खान के जरिए खातों के संचालन की बात सामने आई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने पीड़ितों सुनील शर्मा, जय सिंह, चेतना त्रिपाठी और निखिल सोनी के मामलों की कड़ियों को जोड़ते हुए इस विशाल नेटवर्क का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह की संलिप्तता वर्ष 2021 से 2025 के बीच दुबई में रहने के दौरान नेपाल, थाईलैंड, कंबोडिया और मलेशिया की यात्राओं के दौरान भी संदिग्ध पाई गई है, साथ ही उस पर वीजा में फेरफेयर कर फर्जी वीजा देने और लोगों को अवैध रास्तों से यूरोपीय देशों में भेजने के आरोपों की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पूरे नेटवर्क की तह तक जाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now