आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक एक ही परिसर में होगी पढ़ाई
• 1500 विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
सोनभद्र । ग्रामीण अंचल में शिक्षा की तस्वीर बदलने की दिशा में सोनभद्र को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रॉबर्ट्सगंज तहसील अंतर्गत अरौली में 25.18 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कराया जाएगा। शासन ने परियोजना के लिए बजट जारी कर दिया है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस विद्यालय के बनने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा के लिए दूर-दराज के संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि “ग्राम पंचायत अरौली में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए 25.18 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। करीब 12 से 15 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस विद्यालय में लगभग 1500 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था होगी। यहां प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विद्यार्थियों को अलग-अलग शैक्षिक स्तरों के लिए दूसरे विद्यालयों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।”
ग्रामीण बच्चों को मिलेंगी आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं –
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय को आधुनिक शैक्षिक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। एक ही परिसर में प्रारंभिक से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की सुविधा मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे न केवल आवागमन की परेशानी कम होगी, बल्कि अलग-अलग विद्यालयों में पढ़ाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





