सोनभद्र में मौसम का बदला मिजाज: तीन दिन में पारा लुढ़कने से बढ़ी ठंड, कृषि कार्यों के लिए मुफीद हुआ समय

SHARE:

सोनभद्र। जिले में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है और पिछले तीन दिनों के भीतर तापमान में लगातार गिरावट दर्ज किए जाने से सुबह-शाम ठंड का असर साफ तौर पर महसूस होने लगा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी 21 नवंबर तक आसमान में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के हवाले से बताया गया कि रविवार को अधिकतम तापमान 29.6 और न्यूनतम 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार को भी तापमान इसी स्थिति में रहा। इसके बाद मंगलवार को अचानक अधिकतम तापमान गिरकर 27.4 और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। तापमान में आ रही इस निरंतर गिरावट से आने वाले दिनों में ठंड के और अधिक बढ़ने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं।

बदलते मौसम के इस दौर को कृषि विशेषज्ञों ने खेती-किसानी के लिए बेहद अनुकूल बताया है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू-भौतिकी विभाग, बीएचयू वाराणसी के तकनीकी अधिकारी एवं मौसम वैज्ञानिक शिव मंगल सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि वर्तमान मौसम धान की मड़ाई, अनाज सुखाने के साथ-साथ गेहूं, मटर और सरसों की बोआई तथा आलू की रोपाई के लिए पूरी तरह मुफीद है। वातावरण में पर्याप्त नमी बने रहने के कारण यह समय फसलों के लिए फायदेमंद है, हालांकि उन्होंने यह भी सतर्क किया है कि नमी के चलते सब्जियों में कीट और फफूंदजनित रोगों का खतरा रहता है, इसलिए किसान नियमित रूप से अपनी फसलों की निगरानी करते रहें। मौसम और मिट्टी की नमी गेहूं के बीजों के अंकुरण के लिए बेहद उपयुक्त है, जिससे किसानों को समय पर बुआई का कार्य पूरा कर लेना चाहिए और हमेशा प्रमाणित तथा उपचारित बीजों का ही प्रयोग करना चाहिए। इसके अलावा कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को धान की मड़ाई, अनाज के भंडारण के दौरान पूरी सावधानी बरतने और सुबह-शाम बढ़ रही ठंड के मद्देनजर अपने दुधारू व अन्य पशुओं को सुरक्षित रखने पर विशेष जोर देने की सलाह दी है।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now