आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रैली को रवाना
सोनभद्र । सड़क पर रफ्तार का रोमांच और यातायात नियमों की अनदेखी कब जिंदगी पर भारी पड़ जाए, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता। हादसों पर लगाम लगाने और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए आज सोनभद्र पुलिस ने अनूठी पहल की। यातायात माह नवंबर के तहत महिला पुलिसकर्मी स्कूटी और पुरुष पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल लेकर सड़कों पर उतरे। वहीं यातायात पुलिस, डायल-112 और मिशन शक्ति की टीम भी इस जागरूकता अभियान का हिस्सा बनी। रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहे से निकली जागरूकता रैली को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के जरिए पुलिस ने संदेश दिया कि सड़क पर लापरवाही नहीं, नियमों का पालन ही सुरक्षित जिंदगी की गारंटी है।
इस दौरान वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, गलत दिशा में गाड़ी नहीं दौड़ाने, यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पर चलते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि “सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने सुरक्षित यातायात व्यवस्था में आमजन की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।”
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






