Sonbhadra News : नपं पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप, डीएम से की जांच की मांग

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । ओबरा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित एक निजी DAV विद्यालय परिसर में नगर पंचायत द्वारा कथित तौर पर सरकारी धन से नाली और इंटरलॉकिंग निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर वार्ड नंबर-11 निवासी कन्हैया लाल केशरी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि निजी विद्यालय परिसर में नगर पंचायत की धनराशि से नाली एवं इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, यदि सरकारी धन से निजी विद्यालय परिसर में निर्माण कराया जा रहा है तो इसकी स्वीकृति, बजट, कार्यदायी संस्था और कार्य की उपयोगिता की जांच आवश्यक है।

शिकायती पत्र में निर्माण कार्य से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने के साथ मौके पर स्थलीय सत्यापन कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि यदि निर्माण कार्य किसी वैधानिक स्वीकृति या निर्धारित सार्वजनिक हित के मानकों के अनुरूप नहीं है, तो सरकारी धन के इस्तेमाल की जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

निर्माण की स्वीकृति से लेकर बजट तक जांच की मांग –

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि निर्माण कार्य की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति, जारी बजट, कार्यदायी संस्था तथा भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

हालांकि नगर पंचायत अथवा संबंधित DAV विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण कार्य किस स्वीकृति के तहत कराया जा रहा है और इसमें सरकारी धन के इस्तेमाल की स्थिति क्या है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now