Sonbhadra News : गोलगप्पे खाने रुके युवक की बाइक में घुसा सांप, कड़ी मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• बाइक के इंजन में जा छिपा था सांप, कई पुर्जे खोलकर निकाला पत्रकार ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

सोनभद्र । नगर के हाईडिल चौराहे के पास आज शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बेटी के साथ गोलगप्पे खाने पहुंचे एक युवक की खड़ी बाइक में अचानक सांप घुस गया। बाइक में सांप को घुसते देख युवक के होश उड़ गए और वह तत्काल बाइक छोड़कर दूर हट गया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सांप को बाहर निकालने की कवायद शुरू हो गई।

जानकारी के मुताबिक, विकास नगर निवासी विकास मिश्रा अपनी बेटी के साथ हाईडिल चौराहे पर गोलगप्पे खाने पहुंचा था। बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दोनों गोलगप्पे खा रहे थे। इसी दौरान कहीं से आया एक सांप बाइक के इंजन के नीचे से होते हुए उसके अंदर जा घुसा। यह देख बाइक सवार ने भयभीत होकर बाइक को छोड़ दिया और हटकर दूर खड़े हो गए। यह माजरा देख आस-पास मौजूद लोग भाग कर आ गए और सांप को बाइक निकालने की कोशिश करने लगे।

बाइक के भीतर छिपे सांप को निकालना आसान नहीं था। वह इंजन के आसपास ऐसे हिस्से में जा छिपा, जहां से उसे सीधे बाहर निकालना संभव नहीं था। इसके बाद बाइक के कई पुर्जे खोलने पड़े। काफी प्रयास के बाद सांप की लोकेशन का पता चला और उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई।

मौके पर पहुंचे पत्रकार ने संभाली रेस्क्यू की कमान –

इसी दौरान वहां से गुजर रहे नवहिंद समाचार के रिपोर्टर की नजर भीड़ पर पड़ी। पूरा मामला जानने के बाद उन्होंने एक अन्य युवक की मदद से सांप को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। सावधानीपूर्वक रेस्क्यू करते हुए सांप को बाइक से बाहर निकाला गया और उसे पानी की बोतल में सुरक्षित रखा गया। बाद में उसे आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। सांप के बाइक से बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान काफी देर तक हाईडिल चौराहे पर लोगों की भीड़ जुटी रही और बाइक में सांप घुसने की घटना चर्चा का विषय बनी रही।

‘ग्लॉसी ब्लाइंड रेसर’ बताया गया सांप –

रेस्क्यू करने वाले पत्रकार के मुताबिक सांप की पहचान ‘ग्लॉसी ब्लाइंड रेसर’ प्रजाति के रूप में की गई। उनके अनुसार यह सांप गैर-विषैला बताया जाता है। हालांकि इसकी तेज गति और फुर्ती के कारण इसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण होता है। बताया जाता है कि इस तरह के सांप गर्मी, सुरक्षा और छिपने की जगह की तलाश में कभी-कभी वाहनों के इंजन या अन्य संकरे हिस्सों में जा छिपते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now