लखनऊ। बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर से हवाओं का रुख पुरवा हो जाएगा, जिससे 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के संभावित जिलों में वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, आजमगढ़, चंदौली और गाजीपुर शामिल हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि चक्रवात और पुरवा हवाओं के चलते 20 से 22 नवंबर के बीच रात के तापमान में तीन डिग्री और दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि 23 नवंबर के बाद तापमान में फिर से गिरावट शुरू होने के आसार हैं। फिलहाल अगले दो दिनों तक मौसम और तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद कम है।
इससे पहले बुधवार को ठंडी पछुआ हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, जिससे सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ गया, हालांकि कहीं भी घना कोहरा देखने को नहीं मिला। बुधवार को 24.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मुरादाबाद में सबसे ठंडा दिन रहा, जबकि 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ मुजफ्फरनगर प्रदेश में सबसे ठंडी रात वाला इलाका रहा। उधर, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान तेजी से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट की ओर बढ़ रहा है और मौसम विभाग के मुताबिक इसके गुरुवार दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश के यानम और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकराने की संभावना है, जहाँ 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





