आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मतदाता सूची में बदलाव और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बीच समाजवादी पार्टी ने सोनभद्र में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह एवं वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाने का ऐलान किया है। सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 2 से 8 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। वहीं 8 अक्टूबर को रॉबर्ट्सगंज में मार्च निकालकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग उठाई जाएगी।
सपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 8 अक्टूबर को बढ़ौली चौराहे से तहसील परिसर रॉबर्ट्सगंज तक मार्च निकाला जाएगा। तहसील परिसर पहुंचकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से जुड़ा अभियान बताया है।
वोटर लिस्ट और SIR को लेकर सपा ने उठाए सवाल –
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के बाद प्रारूप-6 में बदलाव की जरूरत क्यों पड़ी, इस पर चुनाव आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उनके अनुसार पार्टी मतदाता सूची में किसी भी कथित अनियमितता का विरोध करेगी। देशभर में SIR को लेकर राजनीतिक विवाद के बीच निर्वाचन आयोग अपनी आधिकारिक सेवाओं में SIR-2026 और मतदाता पंजीकरण के लिए Form-6 की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
गांधी-शास्त्री के विचारों का दिया हवाला –
जिलाध्यक्ष ने गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी जी के ग्राम स्वराज, अंत्योदय, सामाजिक न्याय और सामाजिक सद्भाव के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। वहीं लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की राजनीतिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की दिशा में काम कर रही है।
आदिवासी मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना –
सपा जिलाध्यक्ष ने जिले में आदिवासी समाज से जुड़े कुछ मामलों को लेकर भी सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने नगवां ब्लॉक के देवहार गांव में लक्ष्मी सिंह खरवार की मौत और बेलहथी में डौली आदिवासी से जुड़े जमीन विवाद का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। इन मामलों में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्षों और जांच एजेंसियों का पक्ष अलग से महत्वपूर्ण होगा
सपा राष्ट्रीय सचिव बोले- ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे…..’
सपा राष्ट्रीय सचिव और पूर्व सदर विधायक अविनाश कुशवाहा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि “सरकार में भ्रष्टाचार, अत्याचार, पेपर लीक, बेरोजगारी और जनहित के मुद्दे चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ की तर्ज पर भाजपा अपने कथित कारनामों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष पर आरोप लगा रही है। उन्होंने SIR को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। जिले में बूथ स्तर तक फॉर्म-7 पहुंचाए जाने का दावा करते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। सपा नेता ने छात्रों, नौजवानों, शिक्षामित्रों, रोजगार और पंचायतों से जुड़े मुद्दों के साथ महिलाओं के खिलाफ अपराध और मणिपुर की स्थिति पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए SIR की निष्पक्ष जांच जरूरी है।”
लोकतंत्र बचाने को दूसरी आजादी की लड़ाई –
गांधी जयंती पर पूर्व घोरावल विधायक रमेश चंद्र दुबे ने भाजपा सरकार और चुनावी संस्थाओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि“देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए दूसरी आजादी की लड़ाई शुरू हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की किसी भी कथित गलती को महज ‘गलती’ बताकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। जवाबदेही तय करनी होगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। सपा नेता ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि चुनावी प्रक्रिया कितनी पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर चोट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंचों तक संघर्ष जारी रखेगी और जनता से लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा की इस लड़ाई में मजबूती से शामिल होने का आह्वान किया।”
एमएलसी चुनाव को लेकर भी संगठन सक्रिय –
बैठक में सपा नेताओं ने शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय करने और प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यकर्ताओं को जुटाने पर भी चर्चा की। पार्टी ने विधानसभा स्तर तक संगठनात्मक बैठकों और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की बात कही।
प्रेस वार्ता में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, डॉ0 लोकपति सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, मन्नू पांडेय, विजय यादव, अनिल प्रधान, डॉ0 के0डी0 सिंह पटेल, शिवनारायण सिंह चौहान, प्रमोद, दीपक केसरी, दयाराम मौर्य, उमेश पाल, रमेश सिंह यादव, रमेश कुमार वर्मा, सत्येंद्र ओझा, राजेश कुमार, बबलू धांगर, सत्यम पांडेय, सरदार पारब्रह्म सिंह, सूरज मिश्रा, कृष्णा पंडित, रामाशंकर यादव, विनीत पांडेय, अतुल दुबे, मिथिलेश, लालू भारती, करतार त्रिपाठी, सुरेश अग्रहरि, सुग्रीव कुमार, शिवशंकर पासवान और विवेक पटेल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






