Sonbhadra News : छह दिन से लापता युवक का रेणुका नदी में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । चोपन थाना क्षेत्र के गोठानी गांव से छह दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 20 वर्षीय युवक का शव गुरुवार देर शाम ओबरा थाना क्षेत्र में रेणुका नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, गोठानी गांव निवासी हिमांशु मिश्रा (20वर्ष) पुत्र सुरेंद्र मिश्रा बीते छह दिनों से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। युवक के लापता होने की सूचना परिजनों ने जुगैल पुलिस को भी दी थी, इसी बीच गुरुवार देर शाम ओबरा क्षेत्र में रेणुका नदी में युवक का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। आवश्यक कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शव की पहचान हिमांशु मिश्रा के रूप में होने की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पूर्व विधायक, परिवार को दिया सहयोग का भरोसा –

घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व घोरावल विधायक रमेश चंद्र दुबे भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। पूर्व विधायक ने परिजनों को उचित सहयोग का आश्वासन भी दिया।

हत्या का आरोप, जांच से खुलेगा मौत का राज –

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हिमांशु की हत्या करने के बाद उसके शव को रेणुका नदी में फेंका गया है। हालांकि युवक की मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

छह दिन तक युवक के लापता रहने के बाद उसका शव नदी में मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर हिमांशु छह दिनों तक कहां था? वह रेणुका नदी तक कैसे पहुंचा? उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह हादसा था या फिर किसी साजिश का नतीजा? इन तमाम सवालों का जवाब अब पुलिस जांच पर टिका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now