गाजीपुर: दो महीने से गंदे पानी में फंसी रायगंज की राह, घरों तक पहुंच रहा नाले का पानी; बच्चे व बुजुर्ग परेशान

SHARE:

राहुल यादव, गाजीपुर। नगर पालिका परिषद गाजीपुर के वार्ड नंबर 11 अंतर्गत रायगंज मोहल्ले में पिछले करीब दो महीने से भीषण जलभराव की समस्या बनी हुई है। नालों का बदबूदार गंदा पानी सड़कों पर जमा होने के साथ-साथ अब स्थानीय निवासियों के घरों के भीतर तक प्रवेश कर रहा है। सड़क पर फैले कीचड़ और गंदे पानी के कारण आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है, जिससे सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद अब तक इस नारकीय स्थिति का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

मोहल्ले के निवासी सूरज सैनी, मंटू गुप्ता और ओमप्रकाश गुप्ता ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि नाले की समुचित सफाई न होने और नियमित कूड़ा न उठने से स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। सफाई के नाम पर निकाला गया कचरा भी सड़क पर ही छोड़ दिया जाता है, जिससे उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है। बच्चों को स्कूल जाने व परीक्षाओं में शामिल होने के लिए इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, वहीं बुजुर्ग आए दिन कीचड़ में फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।

वार्ड नंबर 11 के सभासद कुंवर बहादुर सिंह ने जलभराव के कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 2022 में तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा रौजा की समस्या खत्म करने के लिए रेलवे क्रॉसिंग के पास नाला खुलवाया गया था, जिससे कई मोहल्लों का पानी रायगंज होते हुए अंजनी घाट की ओर जाता है। लेकिन रजदेपुर में नाले पर हुए अवैध अतिक्रमण और नालों की गहरी सफाई न होने के कारण पिछले दो महीनों से पानी का बहाव रुक गया है और सड़क पर जलजमाव हो गया है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी निस्तारण के लिए नगर पालिका द्वारा सिटी इंटर कॉलेज के पीछे से एमएएच स्कूल तक नए नाले का निर्माण कराया जा रहा है, जिसके पूर्ण होते ही राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं दूसरी ओर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) डीके राय का कहना है कि मामला संज्ञान में आते ही त्वरित निस्तारण कराया जाएगा तथा बीमारी के फैलाव को रोकने के लिए मोहल्ले में तत्काल ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव शुरू कराया जाएगा।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now