“महान नेताओं के आदर्श आज भी प्रासंगिक, सत्यनिष्ठा व सेवा भावना से करें कर्तव्य पालन”: SP अभिषेक वर्मा

SHARE:

  • सोनभद्र पुलिस ने राष्ट्रपिता और शास्त्री जी को किया नमन, थानों में भी हुआ पुष्पांजिल कार्यक्रम
  •  पुलिस लाइन में सादगी से मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती, एसपी अभिषेक वर्मा ने महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि

 

सोनभद्र। जनपद सोनभद्र पुलिस द्वारा शुक्रवार, 2 अक्तूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती अत्यंत श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और सलामी दी।

इस अवसर पर अपने संबोधन में एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के मार्ग पर चलकर स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया और पूरी दुनिया को एक नई राह दिखाई, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ के अमर नारे और अपने सादगीपूर्ण जीवन से देश सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों से आह्वान किया कि इन महान नेताओं के आदर्श आज भी हमारे लिए पूरी तरह प्रासंगिक हैं, इसलिए सभी जवानों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन, मानवीय मूल्यों और सेवा भावना के साथ ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प लेकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने पुलिस लाइन सोनभद्र में उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के उपरांत पुलिस लाइन में कार्यरत फॉलोवरों एवं सफाईकर्मियों को उनके समर्पण और सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कंबल वितरित किए गए। इसके साथ ही जनपद के समस्त थानों एवं पुलिस चौकियों में भी संबंधित क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों की उपस्थिति में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती मनाई गई, जहां पुलिसकर्मियों ने उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now