कुशाग्र कौशल शर्मा (संवाददाता)
रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को अपर जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र की अध्यक्षता एवं उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी के संचालन में उद्योग बंधु व व्यापार बंधु की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने जिले में खनिज व औद्योगिक संपदा की प्रचुरता के बावजूद स्थानीय युवाओं के लिए सीमित रोजगार अवसरों पर चिंता जताते हुए ‘सोनभद्र रोजगार मिशन’ के गठन का प्रस्ताव रखा। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को एक्शन रोडमैप का ज्ञापन सौंपते हुए प्रथम चरण में व्यापारिक प्रतिष्ठानों, उद्योगों, अस्पतालों, लॉजिस्टिक्स व ऑटोमोबाइल क्षेत्रों में कम से कम 1000 स्थानीय युवाओं को रोजगार व प्रशिक्षण देने का लक्ष्य तय करने की पुरजोर वकालत की। इसके साथ ही उन्होंने वाणिज्य कर अधिकारियों को जीएसटी एक्ट की धारा 75(4) का कड़ाई से अनुपालन कर प्रतिकूल आदेश से पूर्व व्यापारियों को प्राकृतिक न्याय व सुनवाई का अवसर देने संबंधी उच्च न्यायालय और राज्य कर आयुक्त के निर्देशों की याद दिलाई।
व्यापारी नेता कौशल शर्मा ने मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि रेडियोलॉजिस्ट की कमी के चलते अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को डेढ़ महीने का इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे रोज दर्जनों गरीब मरीज बिना जांच के वापस लौटने को मजबूर हैं। उन्होंने 25 सितंबर की रात बारिश के बाद पूरी रात बिजली गुल रहने और इमरजेंसी वार्ड में जनरेटर का लोड न उठ पाने का मुद्दा उठाते हुए अस्पताल में डेडिकेटेड फीडर, डीजी बैकअप और ऑटोमैटिक चेंजओवर की स्थायी व्यवस्था करने तथा परिसर में सक्रिय जेबकतरों पर अंकुश लगाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने एनसीएल के सीएसआर फंड से पुराने जिला अस्पताल भवन के जीर्णोद्धार कार्य को जल्द पूरा कराकर वहां प्रसव केंद्र, अर्बन पीएचसी और 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवा बहाल करने पर जोर दिया। बैठक में नागेंद्र मोदनवाल, विनय जायसवाल, विवेक कुमार सिंह, नरेंद्र कुमार गर्ग, विमल अग्रवाल, नवल बाजपेई, चंदन केसरी, प्रमोद गुप्ता, धीरेंद्र जायसवाल व हाजी सलीम सहित कई जिलास्तरीय अधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






