आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विद्युत विभाग के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली और ठगी की आशंका को देखते हुए विद्युत उपकेंद्र कचनरवा की ओर से क्षेत्रवासियों को सतर्क किया गया है। विभाग ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताकर या अवर अभियंता के नाम का हवाला देकर कार्रवाई का डर दिखाए, धमकाए अथवा पैसे की मांग करे तो उसके झांसे में न आएं। ऐसे मामलों की तत्काल विभागीय अधिकारियों को सूचना दें।
विद्युत विभाग के मुताबिक, विद्युत जांच, कनेक्शन, मीटर अथवा किसी अन्य विभागीय कार्य के नाम पर संदिग्ध तरीके से धनराशि मांगे जाने पर उपभोक्ता बिना पुष्टि किए किसी को भुगतान न करें। संबंधित व्यक्ति के विभागीय कर्मचारी होने की पहले पुष्टि कराना जरूरी है।
फर्जी कर्मचारियों के झांसे में न आएं –
विद्युत उपकेंद्र कचनरवा के अवर अभियंता अरविंद कुशवाहा ने क्षेत्र के उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि विभाग के नाम पर यदि कोई व्यक्ति डराने-धमकाने या अवैध वसूली का प्रयास करता है तो इसकी तत्काल सूचना विभाग को दी जाए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता किसी भी व्यक्ति के दबाव में आकर पैसे न दें। यदि कोई खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताकर संदिग्ध तरीके से धनराशि मांगता है तो पहले विभाग से उसकी पुष्टि करें और तत्काल इसकी सूचना दें।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति या अवैध वसूली से संबंधित सूचना मोबाइल नंबर 7398435953 पर वॉइस कॉल अथवा व्हाट्सऐप संदेश के माध्यम से दी जा सकती है।
संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी रखें सुरक्षित –
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति विद्युत विभाग के नाम पर पैसे मांगता है तो बिना पुष्टि किए नकद राशि न दें। संदिग्ध व्यक्ति का नाम, पहचान संबंधी जानकारी, घटना का स्थान और समय नोट करें। संभव हो तो उसके द्वारा दिखाए गए दस्तावेज अथवा पहचान-पत्र की जानकारी भी सुरक्षित रखें। जरूरत पड़ने पर मामले की सूचना संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारियों को भी दी जा सकती है।
सतर्कता से रुकेगी अवैध वसूली –
विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं की सतर्कता से ठगी और अवैध वसूली की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते विभाग को सूचना देने से अन्य उपभोक्ताओं को भी ऐसे लोगों से सावधान किया जा सकेगा।






