Sonbhadra News : महिलाओं और युवाओं को जोड़कर कांग्रेस करेंगे मजबूत – संगीता श्रीवास्तव

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । कांग्रेस में प्रदेश कोऑर्डिनेटर (पब्लिसिटी) की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जिला उपाध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव ने मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर अपनी प्राथमिकताओं का खाका सामने रखा। जिलाध्यक्ष रामराज गोंड और शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद की मौजूदगी में हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।

संगीता श्रीवास्तव ने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि वह नई भूमिका को पूरी निष्ठा के साथ निभाते हुए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि जो लोग किसी कारणवश संगठन से दूर हो गए हैं, उनसे दोबारा संवाद स्थापित कर उन्हें कांग्रेस से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। साथ ही जनपद से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

महिलाओं को केवल मतदाता नहीं, संगठन की सक्रिय भागीदार बनाने पर जोर –

प्रेसवार्ता में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में अपनी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए आगे आना होगा। प्रदेश स्तर पर महिलाओं से संवाद कर उन्हें कांग्रेस संगठन से जोड़ने का अभियान चलाने की बात उन्होंने कही।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की आवाज को मजबूत करने के साथ उन्हें संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका देने की दिशा में काम किया जाएगा। महिलाओं को केवल मतदाता तक सीमित रखने के बजाय राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है।

कैमूर पहाड़ी, जल-जंगल-जमीन का मुद्दा उठाया –

सोनभद्र के स्थानीय मुद्दों पर उन्होंने कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले लोगों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में रह रहे लोगों के सामने विस्थापन की समस्या गंभीर विषय है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के अधिकारों और हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। जल, जंगल और जमीन से जुड़े मामलों को संगठन के मंच से आगे भी मजबूती से उठाने की बात उन्होंने कही।

चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता पर कांग्रेस के सवालों का समर्थन –

चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता पर कांग्रेस के सवालों का समर्थन
मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों का समर्थन करते हुए संगीता श्रीवास्तव ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता और जनता के विश्वास को बनाए रखने को लेकर है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को जनता के बीच तथ्यों के साथ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

मीडिया और सोशल मीडिया को बनाएंगी संगठन की आवाज –

मीडिया और सोशल मीडिया को बनाएंगी संगठन की आवाज
प्रदेश कोऑर्डिनेटर (पब्लिसिटी) की जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों, विचारों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर जनपद से लेकर प्रदेश स्तर तक जनता की समस्याओं और मुद्दों को सामने लाया जाएगा। युवाओं, महिलाओं और आम जनता को संगठन से जोड़कर कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।

प्रेसवार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष रामराज गोंड, शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बब्बू तिवारी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now