लखनऊ। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से स्वेच्छा से इस्तीफा देने के बाद पूर्व अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने अगले कदम को लेकर जारी सस्पेंस से पर्दा उठा दिया है। उन्होंने आधिकारिक तौर पर सक्रिय राजनीति में कदम रखने की घोषणा की है। मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उत्तर प्रदेश की राजनीति में ही सक्रिय रहेंगी और फिलहाल बिना किसी राजनीतिक दल में शामिल हुए सीधे जनता के बीच रहकर आगे की राह तय करेंगी। वीडियो के जरिए उन्होंने प्रदेश की मौजूदा नौकरशाही और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी तीखे सवाल खड़े किए हैं। इससे एक दिन पहले उन्होंने भविष्य के विकल्पों को लेकर एक पोस्ट साझा किया था, जिसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर कयास लगाए जा रहे थे।
गौरतलब है कि आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद लंदन की नौकरी छोड़ देश सेवा के उद्देश्य से भारत लौटीं दिव्या मित्तल ने 13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद बीते 30 अगस्त 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के दौरान भी उन्होंने एक भावुक संदेश में अपने साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आईएएस बनने तक के सफर और लंदन से भारत वापस आने के फैसले को देश की मिट्टी का कर्ज बताया था। संत कबीर नगर, मिर्जापुर सहित कई जिलों में अपनी सख्त कार्यशैली और जनहित के कार्यों से लोकप्रिय रहीं पूर्व आईएएस अधिकारी के इस फैसले के बाद अब उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






