सोनभद्र। हाईवे पर खड़े टैंकरों और ट्रकों से डीजल चोरी कर अवैध रूप से बेचने वाले गिरोह के सरगना सोनू जायसवाल पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामला 15 सितंबर का है, जब बाड़ी डाला क्षेत्र में पुलिस ने डीजल निकालने के उपकरण और डीजल से भरे गैलन से लदी एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को जब्त किया था। वाहन के पंजीकरण संख्या के आधार पर पुलिस ने जब उसके वास्तविक स्वामी धर्मजीत गौतम से संपर्क किया, तो उसने बताया कि उसने यह वाहन चोपन थाना क्षेत्र के जवारीडाड़ गुरमुरा निवासी सोनू जायसवाल को एक साल के एग्रीमेंट पर किराए पर दे रखा है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर डाला चौकी इंचार्ज घनश्याम तिवारी की तहरीर पर चोपन थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी सोनू जायसवाल का हाईवे पर चलने वाले बड़े वाहनों से तेल कटिंग करने का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और क्षेत्र में उसकी छवि तेल माफिया के रूप में है। घटना के दिन पुलिस को देखते ही आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद पिकअप से कई खाली ड्रम, तेल निकालने के पाइप और कुप्पी बरामद किए गए थे। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






