लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में विधायकों व विधान परिषद सदस्यों की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का मुख्य एजेंडा समाज को बांटना, आधी-अधूरी नौकरियां देना और मदरसों व शिक्षकों के साथ भेदभाव करना है। सपा प्रमुख ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल किया जाएगा, शिक्षामित्रों को उनका पुराना सम्मान लौटाते हुए शिक्षक बनाया जाएगा तथा वित्तविहीन व तदर्थ शिक्षकों को मानदेय देने की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके अलावा डिग्री कॉलेजों से सेमेस्टर सिस्टम समाप्त करने, संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं के समाधान और किसानों को भूमि अधिग्रहण में सर्किल रेट का उचित मुआवजा देने का वादा भी किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव में सपा के सभी 11 प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की और राज्यसभा चुनाव में भी तीन उम्मीदवार उतारने के संकेत दिए। उन्होंने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा समर्थकों के बड़े पैमाने पर वोट काटे जाने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि फर्जी फॉर्म-7 भरकर सुनियोजित तरीके से वोट खारिज कराए गए, जिसकी अब पोल खुल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री चुनाव आयोग की गड़बड़ियों का बचाव कर रहे हैं तो इसका सीधा मतलब है कि वे भी इस चुनावी घोटाले में शामिल हैं। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को पटकनी देने के बाद अब 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इस पूंजीपति समर्थक पार्टी का पूरी तरह सफाया कर देगी।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






