लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर अब तक का सबसे करारा प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में युवाओं के हक पर डाका डाला, पिछड़ों-दलितों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रखा और जिनके लिए विकास की परिभाषा केवल अपने गृह क्षेत्र सैफई तक सीमित थी, वे आज राजनीतिक लाभ के लिए नए स्लोगन के साथ गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं। उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि ऐसे तत्वों से सावधान रहने की जरूरत है जो भ्रम फैलाकर प्रदेश को एक बार फिर अराजकता और अव्यवस्था की ओर धकेलने की साजिश कर रहे हैं।
समारोह के दौरान 11 नवचयनितों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपते हुए मुख्यमंत्री ने ‘मिशन रोजगार’ के तहत सपा-कांग्रेस को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने आगामी छह महीनों के भीतर प्रदेश के एक लाख योग्य युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य तय किया है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विरोधी दल केवल नौकरियां गिनते रहें, जबकि उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव और भ्रष्टाचार के हर सप्ताह युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटने का सिलसिला जारी रखेगी। 20 सितंबर से शुरू हुआ यह लगातार चौथा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह था और अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में एक बार फिर बड़े पैमाने पर युवाओं को सरकारी नौकरियों की सौगात दी जाएगी।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






