यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) एवं संबद्ध ट्रेड यूनियनों की ओर से 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए सोनभद्र जिले में ग्राहकों की सुविधा के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। आम जनमानस और उपभोक्ताओं को बैंकिंग संबंधी असुविधा से बचाने के उद्देश्य से जिला बैंक प्रबंधक सलन बागे ने बताया कि 27 सितंबर (रविवार) को जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के सभी राष्ट्रीयकृत बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखाएँ सामान्य कार्यदिवसों की भाँति खुली रहेंगी और कामकाज सुचारू रूप से संचालित होगा।
जिला बैंक प्रबंधक ने जानकारी दी कि सोनभद्र जनपद में कुल 197 बैंक शाखाएँ कार्यरत हैं, जिनमें 12 राष्ट्रीयकृत बैंकों तथा एक क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की कुल 134 शाखाएँ शामिल हैं। प्रस्तावित हड़ताल की अवधि के दौरान आम जनता से डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म और वैकल्पिक बैंकिंग माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई है। इसके साथ ही हड़ताल के दिनों में ग्राहकों को नकदी और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए एटीएम, इंटरनेट/मोबाइल बैंकिंग तथा बिजनेस करेस्पॉन्डेंट (BC) केंद्रों के माध्यम से निर्बाध सेवाएँ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आम उपभोक्ताओं का लेन-देन प्रभावित न हो।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






