आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में कार्यवाहक प्राचार्य के पद पर शासन स्तर से बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-3 की ओर से 23 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के तहत महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य की जिम्मेदारी अब डॉ0 आइजेन भट्टाचार्य को सौंपी गई है। वह आयुर्विज्ञान संस्थान, ग्रेटर नोएडा के बायोकेमिस्ट्री विभाग में आचार्य एवं विभागाध्यक्ष के पद पर तैनात हैं।
शासनादेश के अनुसार कार्यवाहक प्राचार्य के रूप में तैनात डॉ0 सुरेश कुमार सिंह का तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद नई व्यवस्था लागू की गई है। उनके स्थान पर डॉ0 आइजेन भट्टाचार्य को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सोनभद्र का कार्यवाहक प्राचार्य नियुक्त किया गया है। उनकी तैनाती अग्रिम आदेश तक प्रभावी रहेगी।
डॉ0 आनंद कुमार के बाद अब डॉ0 भट्टाचार्य को जिम्मेदारी –
गौरतलब है कि इससे पहले डॉ0 सुरेश कुमार सिंह के स्थान पर डॉ0 आनंद कुमार को कार्यवाहक प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब शासन के नए आदेश के बाद डॉ. आनंद कुमार के स्थान पर डॉ0 आइजेन भट्टाचार्य को कार्यवाहक प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
शासन के इस फैसले के बाद चिकित्सा महाविद्यालय के प्रशासनिक संचालन की जिम्मेदारी अब डॉ. भट्टाचार्य के हाथों में होगी। आदेश के मुताबिक वह अग्रिम आदेश तक कार्यवाहक प्राचार्य के दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
नहीं मिलेगा अतिरिक्त वेतन या भत्ता –
शासनादेश में यह भी बताया गया है कि कार्यवाहक प्राचार्य की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालने के एवज में डॉ0 आइजेन भट्टाचार्य को किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन अथवा भत्ता देय नहीं होगा।





