Sonbhadra Breaking News : संदिग्ध परिस्थितियों में कपड़े के ढेर में मिला 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव, हड़कंप

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रोडवेज मोड़ के पास फ्लाईओवर के नीचे टेंट हाउस के कपड़ों के ढेर में करीब 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। कपड़ों के बीच शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, रोडवेज मोड़ के पास फ्लाईओवर के नीचे टेंट हाउस का कपड़ा काफी समय से ढेर में रखा हुआ था। इसी कपड़े के ढेर के बीच लोगों की नजर वृद्ध के शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना पाकर कस्बा चौकी प्रभारी अनिल विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कपड़ों के ढेर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद लोढ़ी स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष आंकी जा रही है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही शव की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका जानकारी तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल फ्लाईओवर के नीचे कपड़ों के ढेर में अज्ञात वृद्ध का शव मिलने की घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मृतक की पहचान होने के बाद घटना की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now