आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जंगलों की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय परंपराओं और ग्रामीण महिलाओं के हुनर से तैयार सोनभद्र के उत्पाद अब प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक अपनी पहचान बनाने लगे हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के परिश्रम से आकार ले रहे ‘सोनअर्थ’ ब्रांड की दस्तक अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गई है। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री को सोनभद्र की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद भेंट किए। इस पहल ने न केवल स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने की कोशिश को नई मजबूती दी है, बल्कि महिला आत्मनिर्भरता की दिशा में जनपद के प्रयासों को भी प्रदेश स्तर पर सामने रखा है।
राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के उत्पादों का पैकेट भेंट किया। इस दौरान उन्होंने ब्रांड के जरिए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने, उनके पारंपरिक हुनर को बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय उत्पादों को विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
खेठेकुआ से शहद तक सोनभद्र की मिट्टी और जंगलों की खुशबू बिखेरेगा ‘सोनअर्थ’ –
‘सोनअर्थ’ के उत्पादों की खासियत यह है कि इनमें सोनभद्र की स्थानीय परंपरा और प्राकृतिक संसाधनों की झलक दिखाई देती है। मुख्यमंत्री को भेंट किए गए उत्पादों में ज्वार, रागी, कोदो और गेहूं से तैयार चार प्रकार के ठेकुआ, जंगल के फूलों से एकत्रित प्राकृतिक जंगली शहद, कृषि उपज से तैयार हर्बल शहद शामिल हैं। इसके अलावा मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से निर्मित ‘शिव द्वार’ अगरबत्ती तथा बकरी के दूध, हर्बल, कॉफी और हल्दी-चंदन से तैयार चार तरह के हर्बल साबुन भी पैकेट का हिस्सा रहे।
डीएमएफ के सहयोग से ब्रांडिंग और बाजार की तैयारी –
जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) के सहयोग से ‘सोनअर्थ’ को एक व्यवस्थित ब्रांड के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत लोगो निर्माण, आकर्षक पैकेजिंग, प्रचार-प्रसार सामग्री और उत्पादों की गुणवत्ता जांच जैसी व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं के पारंपरिक हुनर को केवल स्थानीय बाजार तक सीमित न रखकर व्यापक बाजार उपलब्ध कराना और उनके उत्पादों को व्यावसायिक पहचान दिलाना है।
4,700 से अधिक महिलाओं के हुनर को मिल रहा मंच –
‘सोनअर्थ’ की सबसे बड़ी ताकत इससे जुड़ी महिलाओं की भागीदारी है। इस पहल के तहत 4,700 से अधिक महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों में शामिल हैं। इनमें एक हजार से अधिक महिलाएं साबुन निर्माण, 200 से अधिक अगरबत्ती निर्माण, दो हजार से अधिक श्रीअन्न की खेती, 500 से अधिक ठेकुआ निर्माण और एक हजार से अधिक महिलाएं शहद उत्पादन एवं संग्रहण से जुड़ी हैं। इन गतिविधियों से ग्रामीण महिलाओं को आय के अवसर उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय किसानों और जनजातीय समुदायों को भी आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बन रहा ‘सोनअर्थ’ –
इस अवसर पर राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि ‘सोनअर्थ’ महज एक ब्रांड नहीं, बल्कि सोनभद्र की मातृशक्ति के हुनर, मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को नई पहचान और व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की महिलाओं में हुनर और आगे बढ़ने का भरपूर सामर्थ्य है। ‘सोनअर्थ’ उन्हें एक ऐसा मंच दे रहा है, जिसके माध्यम से उनके उत्पादों को प्रदेश और देश स्तर पर पहचान मिल सकती है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





