आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रही महिला को दिनदहाड़े निशाना बनाकर बाइक सवार तीन उचक्कों ने छिनैती की वारदात को अंजाम दे दिया। पटका चौराहे पर महिला का 30 हजार रुपये और मोबाइल रखा झोला छीनकर भाग रहे आरोपियों को महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने घेर लिया। मौके से भागने की कोशिश कर रहे तीनों आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरट गांव निवासी रीता देवी औराही स्थित एक निजी बैंक से 30 हजार रुपये निकालकर अपने स्वजन के साथ टोटो से घर लौट रही थीं। रास्ते में पटका चौराहे पर गोलगप्पे खाने के लिए टोटो रुकवाया। इसी दौरान वहां मौजूद उचक्कों की नजर महिला के पास रखे नकदी से भरे झोले पर पड़ गई। आरोप है कि भुगतान के दौरान महिला की नकदी पर नजर रखने वाले बाइक सवार तीन युवकों ने मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
महिला जैसे ही अपने स्वजन के साथ दोबारा टोटो में बैठीं, तीनों युवक झपट्टा मारकर उनका झोला छीन ले गए और बाइक से भागने लगे। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पीछा किया और भागने का रास्ता रोककर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त बाइक भी कब्जे में ले ली गई। महिला के साहस और ग्रामीणों की तत्परता के चलते तीनों आरोपी वारदात के बाद भागने में सफल नहीं हो सके।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






