आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सोनभद्र के खिलाड़ियों ने एक और कदम बढ़ाया है। प्रदेशीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए जिले के 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल के बाद चयनित टीम आजमगढ़ में 4 से 7 नवंबर तक होने वाली प्रदेशीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
क्षेत्रीय खेल कार्यालय, विंध्याचल मंडल मीरजापुर के निर्देश पर 3 नवंबर को जिला एवं मंडलीय महिला हैंडबॉल चयन/ट्रायल के क्रम में जूनियर बालक हैंडबॉल के खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों में अयान खान, अरुण कुमार, अंश कुमार, अंकित वर्मा, गजेन्द्र कश्यप, गौरव चौबे, रेहान अली, द्वियांश त्रिपाठी, वैभव गोस्वामी, स्वतंत्र, शैलेश बिन्द और आयुष शामिल हैं। टीम मैनेजर अमित कुमार की देखरेख में खिलाड़ी आजमगढ़ के लिए रवाना होंगे।
इस अवसर पर हैंडबॉल सचिव बैजनाथ यादव, सुनील यादव, सुभाष कुमार, जगदीश कुमार रावत, सत्यम सिंह तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद ने बताया कि “जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें प्रदेश स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। चयनित खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।”
सब जूनियर बालिका कबड्डी के लिए आज ट्रायल –
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के लिए 4 नवंबर को सुबह 10 बजे से विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम तियरा में जिला स्तरीय चयन/ट्रायल आयोजित होगा। इसमें 31 दिसंबर 2010 के बाद जन्मी बालिका खिलाड़ी ही निर्धारित आयु सीमा के अनुसार प्रतिभाग कर सकेंगी।
गंगा उत्सव पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन –
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के निर्देश पर गंगा उत्सव के अवसर पर 4 नवंबर को विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम तियरा में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बालक एवं बालिका वर्ग में भारोत्तोलन, तीरंदाजी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा बढौली चौराहे से स्टेडियम तियरा तक पांच किलोमीटर मैराथन, साइकिल रैली और नौका दौड़ का आयोजन किया जाएगा। अन्य खेल प्रतियोगिताएं सुबह 10 बजे से स्टेडियम परिसर में शुरू होंगी।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....




