आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की लगातार निगरानी करें और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराएं। यह निर्देश जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।
प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रही गतिविधियों के साथ जनपद में संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अभियान के लिए विभागों और अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जाए। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
जल जीवन मिशन की खुलेगी पोल, गांवों में होगा स्थलीय सत्यापन –
बैठक में जल जीवन मिशन की पेयजल आपूर्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में नल से जल की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांवों में टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन कराया जाए।
उन्होंने कहा कि कागजों में पेयजल आपूर्ति और गांव में वास्तव में मिलने वाले पानी के बीच अंतर नहीं होना चाहिए। टीम गांवों में जाकर यह जांच करे कि जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति नियमित और गुणवत्तापूर्ण हो रही है या नहीं। सत्यापन के दौरान सामने आने वाली कमियों का तत्काल निराकरण कराया जाए।
स्कूलों का निरीक्षण बढ़ाएं, व्यवस्थाओं पर रहे नजर –
प्रभारी मंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पठन-पाठन के साथ भवन, कक्ष, मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जाए।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद के कुछ प्राथमिक विद्यालयों में विद्यालय भवन एवं कक्षों से संबंधित आवश्यक कार्य जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के माध्यम से कराए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
स्वास्थ्य, समाज कल्याण और बाल विकास की योजनाओं की भी पड़ताल –
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला कार्यक्रम विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों और लाभार्थियों तक पहुंच की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाना विभागों की जिम्मेदारी – संजीव गौड़
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और जहां भी कमी सामने आए, उसका तत्काल निराकरण कराया जाए। सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए उसके उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मंत्री के निर्देशों का समय से अनुपालन हो – डीएम
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा समीक्षा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित अधिकारी समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






