आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत सोनभद्र पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार किया है। थाना चोपन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक क्विंटल 340 ग्राम गांजा की बड़ी खेप के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार, तीन मोबाइल फोन और 1,210 रुपये नकद समेत पुलिस ने करीब 62 लाख रुपये की बरामदगी की है। कार्यवाही से साफ है कि तस्कर सोनभद्र को महज रास्ते के रूप में इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की बड़ी खेप एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने में जुटे हैं। हालांकि, पुलिस की सतर्कता ने तस्करों की इस कोशिश को रास्ते में ही रोक दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
सूचना मिली और सक्रिय हो गई पुलिस –
अपर पुलिसअधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 21 सितंबर को थाना चोपन पुलिस प्रीतनगर क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी टीम को सूचना मिली कि हाथीनाला टोल प्लाजा से एक संदिग्ध ब्रेजा वाहन डाला-रॉबर्ट्सगंज की तरफ बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी शुरू कर दी। बग्घानाला पुल से डाला क्षेत्र तक निगरानी बढ़ाई गई। इसी बीच संदिग्ध वाहन के ओबरा जाने वाले पुल की सर्विस लेन की ओर आने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। करीब शाम 4:25 बजे पुलिस ने संदिग्ध ब्रेजा को घेरकर रोक लिया। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो तस्करी के पूरे खेल का खुलासा हो गया।
सीटों के बीच और डिग्गी में छिपाई थी खेप –
पुलिस के अनुसार ब्रेजा की आगे और पिछली सीट के बीच बने खाली स्थान तथा डिग्गी में चार बोरे रखे गए थे। तलाशी लेने पर बोरों के भीतर 93 पैकेट मिले। वजन कराने पर इनमें कुल एक क्विंटल 340 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर थाना चोपन में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा को भी सीज कर दिया गया है।
ओडिशा से आई खेप, अम्बिकापुर में हुई लोडिंग –
पूछताछ में तस्करी के रूट को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा से मंगाया गया था और अम्बिकापुर में उसे ब्रेजा वाहन में लोड कराया गया। इसके बाद खेप को सोनभद्र के रास्ते मीरजापुर के संतनगर थाना क्षेत्र के नवढ़िया निवासी एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। यानी गांजे की खेप ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए सोनभद्र और फिर मीरजापुर तक पहुंचने का रास्ता तय किया था। पुलिस अब इस पूरे रूट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।
फोन-पे से हुआ पैसे का खेल –
ऋषभ एएसपी ऋषभ रुणवाल ने बताया कि जांच में डिजिटल लेन-देन का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक गांजा खरीदने के लिए एक व्यक्ति ने आरोपियों से संपर्क किया था। इसके बाद फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग तारीखों में रकम भेजे जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन कब्जे में लिए हैं। अब कॉल डिटेल, मोबाइल में मौजूद जानकारी और ऑनलाइन लेन-देन के आधार पर तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ने की कवायद शुरू कर दी ग।
अब निशाने पर नेटवर्क के सरगना –
तीन तस्करों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का अगला निशाना उन लोगों पर है, जो इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया, किसने रकम उपलब्ध कराई, किसके निर्देश पर खेप लाई गई और मीरजापुर में इसे किसे सौंपा जाना था।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आए अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
तीन जिलों के नाम, एक बड़ा नेटवर्क –
गिरफ्तार आरोपियों में मुकुन्द यादव (वर्ष) और रोहित सिदार (23 वर्ष) दोनों निवासी थाना लैलूंगा, जनपद रायगढ़, छत्तीसगढ़ तथा आशीष मौर्या (19वर्ष) निवासी थाना हलिया, जनपद मीरजापुर शामिल हैं।
कुल ₹62 लाख कीमत की हुई बरामदगी –
पुलिस के हाथ लगी बरामदगी में 50 लाख रुपये कीमत का 01 क्विंटल 340 ग्राम गांजा, करीब 12 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार, तीन मोबाइल फोन और 1,210 रुपये नकद शामिल हैं। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपये बताई गई है।
ये पुलिसकर्मी रहे मौजूद –
अभियुक्तों की गिरफ्तारी के दौरान प्र0नि0 थाना चोपन गोपाल जी गुप्ता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, चौकी प्रभारी डाला उ0नि0 घनश्याम तिवारी, हे0का0 विरेन्द्र कुमार सरोज, हे0का0 राजेन्द्र प्रसाद, हे0का0 अजय कुमार यादव, का0 मन्टु सिंह, का0 घनश्याम यादव, एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, हे0का0 मनीष सिंह, का0 अजीत यादव,का0 अजीत कुमार, का0 रितेश पटेल एसओजी शामिल रहे।






