रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। नगर के कैलाशपुरी मोहल्ले में मंगलवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान में लगे एसी के आउटडोर में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के बाद निकली लपटों ने देखते ही देखते घर के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखे कपड़े, कंबल और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गए। गनीमत यह रही कि घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित गृहस्वामी राजकुमार सरैया ने बताया कि उनके पुत्र यथार्थ की शादी थी, जिसे लेकर पूरे घर में उत्सव का माहौल था और घर को खूबसूरत झालरों व लाइटों से सजाया गया था। परिवार के सभी सदस्य बाहर से धूमधाम के साथ पुत्र का विवाह संपन्न कराकर अभी घर लौटे ही थे कि शाम लगभग साढ़े पांच बजे गलियारे की तरफ लगे एसी के आउटडोर में अचानक तेज धमाका हुआ। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि उससे निकली चिंगारियों ने पास में ही रखे कपड़ों और कंबलों के ढेर को फौरन अपनी चपेट में ले लिया। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पड़ोसियों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मुस्तैदी दिखाते हुए थोड़ी ही देर में आग को बुझा दिया और उसे घर के अन्य कमरों में फैलने से रोक लिया। हालांकि, इस हादसे में घर का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया, लेकिन किसी के हताहत न होने से परिवार ने राहत की सांस ली है।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.





