संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के समन्वय पर जोर, अधिक प्रभावित गांवों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान: DM

SHARE:

हर्षवर्धन, सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के द्वितीय चरण के सफल संचालन को लेकर जनपद स्तरीय अंतरविभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम विकास, नगर निकाय, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, बाल विकास, खाद्य सुरक्षा और उद्यान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान अभियान की पूर्व तैयारियों, विभागीय समन्वय, माइक्रोप्लान तथा जनजागरूकता गतिविधियों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के इस मौसम में संचारी एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और आपसी तालमेल के साथ धरातल पर कार्य करें।

उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिले के जिन गांवों में संचारी रोगों का प्रभाव पिछले रिकॉर्ड के अनुसार अधिक है, उन्हें तत्काल चिन्हित किया जाए। इन संवेदनशील गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर जल निकासी दुरुस्त की जाए और नियमित अंतराल पर फॉगिंग व एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही वहां व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों ही क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, कचरा निस्तारण तथा आमजन को मौसमी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना इस पूरे अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में विभिन्न विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा स्थानीय निकायों के माध्यम से जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अपने-अपने विभागों द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सके। बैठक की शुरुआत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश मिश्रा ने संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान की रूपरेखा एवं स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

3 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now