भामाशाह जयंती पर कलेक्ट्रेट में भव्य आयोजन, जिले के 10 सर्वाधिक करदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

SHARE:

सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में वीर शिरोमणि दानवीर भामाशाह की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनपद के सर्वाधिक कर (टैक्स) जमा करने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यापारियों को मुख्य अतिथि व अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि ईमानदारी से कर अदा करने वाले व्यापारी राष्ट्र एवं जनपद के विकास में सबसे महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। कलेक्ट्रेट के इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य रूप से जिलाधिकारी चर्चित गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद सहित कई सम्मानित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भारी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि दानवीर भामाशाह का त्याग, राष्ट्रभक्ति और समर्पण भारतीय इतिहास की एक अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कठिन समय में अपना सर्वस्व महाराणा प्रताप और राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित कर दुनिया के सामने दानवीरता का एक अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया था, जिससे आज की युवा पीढ़ी को आत्मसात करने और प्रेरणा लेने की बेहद जरूरत है। वहीं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भामाशाह का पूरा जीवन सेवा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी करदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि ईमानदार करदाता राष्ट्र और जनपद के विकास की मजबूत आधारशिला हैं। करदाताओं के इसी बहुमूल्य योगदान से ही सरकारी विकास कार्यों को गति मिलती है और आम जनता के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर संभव हो पाता है।

इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने उपस्थित जनसमूह से भामाशाह के दिखाए आदर्शों को अपने व्यावहारिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने भामाशाह के जीवन, उनके विराट व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी सम्मानित करदाताओं को बधाई देते हुए उनके योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की गई। इस दौरान संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए पारंपरिक करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने सभागार में समां बांध दिया, जिसे सभी ने खूब सराहा। इस विशेष मौके पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार, संयुक्त आयुक्त राज्य कर सुनील कुमार, उपायुक्त प्रशासन राज्य कर रितेश मिश्र, उपायुक्त राज्य कर योगेश द्विवेदी, उपायुक्त राज्य कर विकास कृष्ण बन्सरा, मोहम्मद जुनैद सहित विभाग के अन्य अधिकारी और व्यापार जगत से जुड़े तमाम प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

3 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now