बोगस फर्म बनाकर कारोबारी ने सरकार को लगाया 4.97 करोड़ का चूना, गोमतीनगर विस्तार थाने में एफआईआर दर्ज

SHARE:

मानवेन्द्र मिश्रा, लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी में एक कारोबारी द्वारा फर्जी तरीके से फर्म बनाकर करोड़ों रुपये की कर चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 अखिलेश गौड़ ने आरोपी कारोबारी के खिलाफ गोमतीनगर विस्तार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी पर आरोप है कि उसने कागजों पर ‘एमएस रिद्धि इंटरप्राइजेज’ नाम की फर्म दिखाकर सरकार को लगभग 4.97 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई है। विभागीय जांच और स्थलीय निरीक्षण के दौरान जब फर्म का अस्तित्व ही नहीं मिला, तब इस बड़े खेल का खुलासा हुआ।

पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से उत्तराखंड निवासी बसंत सिंह कनवर ने मार्च 2025 में अपनी फर्म का पंजीकरण गोमतीनगर विस्तार के सुलभ आवास योजना के पते पर कराया था। आवेदन के समय बिजली बिल और बैंक खाते जैसे दस्तावेज भी संलग्न किए गए थे। जीएसटी पोर्टल पर जांच के दौरान अधिकारियों को तब संदेह हुआ जब आरोपी ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 4.97 करोड़ रुपये का बड़ा कारोबार दिखाया। शक गहराने पर जब बीते अक्टूबर में राज्य कर अधिकारियों की टीम ने मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया, तो वहां फर्म का कोई संचालन होता नहीं पाया गया। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि केवल इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ लेने और टैक्स चोरी करने के उद्देश्य से यह बोगस फर्म बनाई गई थी। फिलहाल पुलिस ने सहायक आयुक्त की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है और जीएसटी विभाग से आरोपी द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों को तलब किया गया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now