आचार संहिता उल्लंघन मामले में कुमार विश्वास और सोमनाथ भारती की बढ़ीं मुश्किलें, अब एमपी-एमएलए कोर्ट में होगी सुनवाई 

SHARE:

अमेठी: वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इस मामले में प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास, दिल्ली के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती और सत्येंद्र जैन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पूर्व जनप्रतिनिधियों से जुड़ा मामला होने के कारण अब इसे एमपी-एमएलए की विशेष मजिस्ट्रेट कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया है। विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने गुरुवार को इस मामले पर सुनवाई की और अगली कार्यवाही के लिए 15 मई की तारीख मुकर्रर की है। गौरतलब है कि इन तीनों आरोपियों के खिलाफ अदालत की ओर से पहले ही समन जारी किए जा चुके हैं।

यह पूरा प्रकरण अमेठी संसदीय क्षेत्र से संबंधित है, जहां 2014 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने राहुल गांधी के खिलाफ डॉ. कुमार विश्वास को मैदान में उतारा था। आरोप है कि पांचवें चरण का चुनाव प्रचार थमने के बाद भी पार्टी के कई बाहरी कार्यकर्ता अमेठी के महमूदपुर स्थित कुमार विश्वास के आवास पर डेरा डाले हुए थे, जो निर्वाचन आयोग की आदर्श आचार संहिता का सीधा उल्लंघन था। इसी के आधार पर 5 मई 2014 को अमेठी के तत्कालीन कोतवाल मोहम्मद हमीद ने तीनों नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा अक्टूबर 2014 में दाखिल की गई चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने उसी समय समन जारी करने का आदेश दिया था। अब तक एसीजेएम चतुर्थ की अदालत में चल रहे इस पुराने केस की फाइलें एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचने से कानूनी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now