हर घर नल योजना के 364 गांवों में 10 दिन के भीतर पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने के DM ने दिए निर्देश, लापरवाही बरतने पर होगी कार्यवाही 

SHARE:

सोनभद्र। जनपद में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़, नियमित और शिकायतमुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ‘हर घर नल जल योजना’ की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत चिन्हित किए गए सभी 364 राजस्व गांवों में हर घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल आपूर्ति केवल कागजी औपचारिकता न रहे, बल्कि प्रत्येक घर तक वास्तविक रूप से पानी पहुंचना चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया कि आगामी भीषण गर्मी और मई माह को ध्यान में रखते हुए सभी ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति की जाए। यदि इन 364 गांवों में पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समस्या सामने आती है, तो उसका निराकरण प्राथमिकता के आधार पर आगामी दस दिनों के भीतर किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो संबंधित दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जाएगी।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन राजस्व गांवों में हर घर नल योजना के तहत जल आपूर्ति की व्यवस्था की गई है, वहां अब टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति नहीं की जाएगी। यदि किसी कारणवश टैंकर भेजने जैसी स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही, जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जनपद और ब्लॉक स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम को पूरी तरह से सक्रिय रखा जाए। प्राप्त शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए और क्षेत्रवार पाइपलाइन, मोटर व पंप जैसी तकनीकी समस्याओं की सतत निगरानी की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now