लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में तेज हवाओं और आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि एनसीआर से सटे इलाकों में भी मौसम सुहाना हो गया। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई, जबकि हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गए। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मुजफ्फरनगर में सबसे अधिक 28.4 मिमी, मेरठ में 15.9 मिमी, नजीबाबाद में 8.4 मिमी, अलीगढ़ में 7.8 मिमी और आगरा में 6.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, तथा पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार तक बारिश का यह सिलसिला कुछ स्थानों पर जारी रह सकता है, हालांकि 17 अक्टूबर के बाद प्रदेश में एक बार फिर मौसम पूरी तरह शुष्क होने की संभावना है।
मैदानी इलाकों में जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी ने ठिठुरन बढ़ा दी है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर मौसम की पहली बर्फ की सफेद चादर बिछ जाने से सैलानियों के चेहरे तो खिल उठे हैं, लेकिन मनाली-लेह राजमार्ग, अटल टनल मार्ग और मुगल रोड समेत कई प्रमुख रास्तों पर बर्फ की मोटी परत जमने के कारण यातायात बाधित हुआ है। आईएमडी के मुताबिक, उत्तरी पंजाब और दक्षिणी हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश से अरब सागर तक फैले निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में यह अचानक बदलाव आया है, जो अगले दो-तीन दिनों तक बना रह सकता है। बात करें तापमान की तो बृहस्पतिवार को प्रयागराज 35.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि हरदोई में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सबसे कम था। राजधानी लखनऊ में भी बादलों की आवाजाही बनी हुई है और शनिवार को हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ने के आसार हैं।
Author: Navhind Samachar
नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।





