निवेश के नाम पर कारोबारी से 1.15 करोड़ की धोखाधड़ी, क्रिप्टो और एसआईपी के झांसे में फंसाकर ठगे रुपये

SHARE:

लखनऊ: राजधानी के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर एक बड़े धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पूरन नगर निवासी कारोबारी राजेंद्र सिंह चौहान को एक परिचित ने एसआईपी (SIP) और क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 1.15 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, वर्ष 2019 में पीड़ित राजेंद्र सिंह चौहान की मुलाकात हिमांशु गिहर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच विश्वास बढ़ा तो आरोपी ने कारोबारी को एसआईपी में निवेश कर हर महीने दस गुना मुनाफा कमाने का प्रलोभन दिया। लालच में आकर पीड़ित ने वर्ष 2021 से 2023 के बीच कुल 50 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन समय बीतने के बाद भी उन्हें कोई मुनाफा नहीं मिला। जब राजेंद्र ने इस पर सवाल उठाए, तो आरोपी ने एसआईपी में घाटा होने का बहाना बनाया और उन्हें क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने की सलाह दी। ठग ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि क्रिप्टो में निवेश करने से उनके पहले डूबे हुए 50 लाख रुपये भी रिकवर हो जाएंगे।

पीड़ित ने अपनी पूंजी वापस पाने की उम्मीद में वर्ष 2023 से 2025 के बीच पुनः 65 लाख रुपये आरोपी के कहने पर निवेश कर दिए। आरोप है कि इस बार भी न तो उनकी पुरानी रकम वापस मिली और न ही कोई मुनाफा प्राप्त हुआ। कारोबारी ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी अप्रैल 2026 तक उन्हें टरकाता रहा और बाद में धमकाना शुरू कर दिया।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि ठग ने यह 1.15 करोड़ रुपये सीधे अपने खाते में न लेकर अपने परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए थे। इसके अलावा, जिस मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से निवेश की प्रक्रिया दिखाई गई थी, उसमें भी आरोपी ने अपनी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर का ही इस्तेमाल किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now