होटल में फायरिंग छिपाने का मामला, पुलिस के नोटिस पर प्रबंधन की चुप्पी; अब कार्रवाई की तैयारी

SHARE:

विनोद कुमार, वाराणसी। छावनी क्षेत्र स्थित होटल वेस्ट इन में युवती पर फायरिंग की घटना को पूरे एक दिन तक छिपाए रखने के मामले में होटल प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कैंट पुलिस द्वारा जारी किए गए नोटिस की मियाद बीत जाने के बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई जवाब न मिलने पर पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी प्रबंधन की इस चुप्पी को पुलिस ने गंभीरता से लिया है और अब होटल के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि 12 अप्रैल को उक्त होटल में ठहरे युवक शुभम राय ने शादी को लेकर हुए विवाद में युवती को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल युवती को होटल कर्मचारियों की मिलीभगत से आरोपी ने तौलिये में लपेटकर मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में भर्ती कराया था। इस पूरे घटनाक्रम को होटल प्रबंधन ने एक दिन तक पुलिस से पूरी तरह छिपाए रखा। सिगरा स्थित निजी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिलने के बाद ही वारदात का खुलासा हुआ, जिसके बाद कैंट पुलिस ने आरोपी शुभम राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इस मामले में होटल की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर कैंट पुलिस ने होटल प्रबंधन को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा था। पुलिस ने फायरिंग की वारदात को छिपाने और फर्जी नाम-पते पर कमरा उपलब्ध कराने जैसे गंभीर आरोपों को लेकर यह नोटिस दिया था। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि नोटिस का सात दिन का समय समाप्त हो गया है, लेकिन प्रबंधन की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं आया है। प्रबंधन के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये को देखते हुए पुलिस अब रिमाइंडर नोटिस भेज रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना को दबाने के दोषी होटल प्रबंधन पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now