Sonbhadra News : ट्रक के ऊपर मौत बनकर दौड़ा करंट, 30 वर्षीय खलासी की मौत से मचा कोहराम

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । ट्रक से चावल उतारने का काम पूरा हुआ तो खलासी विनोद विश्वकर्मा तिरपाल समेटकर केबिन में रखने के लिए ऊपर चढ़ा, लेकिन उसे क्या पता था कि कुछ ही पल में मौत उसका इंतजार कर रही है। ट्रक के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आते ही वह करंट से बुरी तरह झुलस गया। चालक की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई गई। आनन-फानन में गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद विनोद को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सजौर गांव के समीप गुरुवार सुबह यह दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अवधि खुर्द गांव निवासी ट्रक चालक राजेश दुबे पुत्र मोतीलाल दुबे बुधवार रात ट्रक में चावल लादकर सजौर गांव के पास पहुंचा था। ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया गया था। गुरुवार सुबह चावल उतारने का काम पूरा होने के बाद खलासी विनोद विश्वकर्मा (30 वर्ष) तिरपाल समेटकर ट्रक के केबिन में रखने के लिए ऊपर चढ़ा।

बताया जा रहा है कि तिरपाल रखते समय विनोद ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया। यह देखकर चालक राजेश दुबे ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई और पुलिस को हादसे की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद ट्रक चालक की मदद से गंभीर रूप से झुलसे विनोद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों को दी गई सूचना, परिवार में मातम –

हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। जवान खलासी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल रहा। पुलिस मामले में आवश्यक कार्यवाही कर रही है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now