बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब अवकाश के दिनों में भी नहीं कटेगी बिजली; ऊर्जा मंत्री ने 24×7 वैन का किया शुभारंभ

SHARE:

प्रेम प्रकाश, वाराणसी। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी क्रम में शनिवार को सर्किट हाउस में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोपरि रखते हुए मंत्री ने कई बड़े और राहत भरे निर्णय लिए हैं, जिनसे आम जनता को बड़ी सहूलियत मिलेगी।

ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 1 किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन ‘नेगेटिव बैलेंस’ होने की स्थिति में भी नहीं काटा जाएगा। इसके अतिरिक्त, 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को अधिकतम 200 रुपये तक की रियायत प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पूर्व अनिवार्य रूप से 5 चरणों में एसएमएस अलर्ट भेजा जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों के दिन नेगेटिव बैलेंस होने पर भी किसी की बिजली आपूर्ति बाधित न हो।

वाराणसी की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ऊर्जा मंत्री ने दो अत्याधुनिक ’24×7 आपातकालीन वैन’ का उद्घाटन भी किया। इन वैन का मुख्य उद्देश्य विद्युत फॉल्ट सुधार में लगने वाले समय को न्यूनतम करना है। ये वाहन आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और टी एंड पी किट से सुसज्जित हैं। इन पर तैनात कर्मचारियों की टीम तीन शिफ्टों में 24 घंटे कार्य करेगी, जिसमें सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर शामिल होंगे। ये टीमें एचटी रखरखाव, ट्रांसफॉर्मर प्रतिस्थापन, भूमिगत केबल फॉल्ट सुधार, खंभों के रखरखाव और पेड़ों की छंटाई जैसे कार्य त्वरित गति से करेंगी।

बैठक में ऊर्जा मंत्री ने वाराणसी के किसी भी क्षेत्र में विद्युत ट्रिपिंग न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों में तेजी लाने और बढ़ती मांग के अनुरूप भविष्य की योजनाएं तैयार करने पर विशेष जोर दिया। मंत्री ने कहा कि वाराणसी एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, इसलिए यहां की बिजली व्यवस्था उच्च स्तरीय होनी चाहिए। सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस समीक्षा बैठक में मेयर अशोक तिवारी, एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम शंभू कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now