सोनभद्र। जिले के नए जिलाधिकारी के रूप में 2016 बैच के आईएएस अधिकारी चर्चित गौड़ ने शनिवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कोषागार के डबल लॉक में अपना कार्यभार संभाला। इस अवसर पर उन्होंने जिले की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक ससमय पहुँचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिले में विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। मूल रूप से राजस्थान के कोटा के निवासी और आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र रहे चर्चित गौड़ ने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में 96वीं रैंक हासिल की थी। सोनभद्र आने से पूर्व वह उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा), कानपुर में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात थे। आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के कारण वे काफी चर्चा में रहे थे। उन्होंने निवर्तमान जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह का स्थान लिया है। पदभार ग्रहण करने के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वागीश शुक्ला, अपर जिलाधिकारी रमेश यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव और अपर सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.





